भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज प्रदेशभर में अपना स्थापना दिवस मनाएगी। मुख्य कार्यक्रम सुबह 10 बजे जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के करीब 10 हजार बूथों पर भी स्थापना दिवस के कार्यक्रम होंगे। पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर भाजपा का झंडा लगाने और कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए कहा है।
इसके अलावा बूथ स्तर तक आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी के श्रीनगर कार्यालय में भी सुबह 11:30 बजे कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस दौरान प्रदेश महासचिव मोहम्मद अनवर खान उपस्थित रहेंगे और पार्टी का झंडा फहराएंगे।
स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व लेखक बलबीर राम रतन ने अपनी हिंदी रचना भाजपा का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने इसका श्रेय पार्टी की मजबूत विचारधारा, अनुशासित कार्यकर्ताओं और पारदर्शी नेतृत्व को दिया। वरिष्ठ नेता अशोक गांधी ने कहा, इस तरह के साहित्यिक प्रयास पार्टी की विचारधारा और इतिहास को लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस दौरान विजय आनंद गिल, अश्विनी चाढ़क सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
स्थापना दिवस के लिए झंडे बांटे गए
बनतालाब क्षेत्र में भी स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां तेज रहीं। भाजपा शक्ति केंद्र प्रमुख और जिला कोषाध्यक्ष राकेश सेठी ने विभिन्न बूथों पर पार्टी के झंडे वितरित किए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाकर स्थापना दिवस को गर्व के साथ मनाएं।