जम्मू-कश्मीर के शोपियां में पुलिस ने नौ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक इन सभी को शोपियां के जैनापोर से हिरासत में लिया गया है। इन सभी की गतिविधि पुलिस को संदिग्ध लगी जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
पुलिस का कहना है कि इस सभी की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।
बता दें कि इससे पहले रविवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के सीमावर्ती कराह सेक्टर से पुलिस ने हथियारों का जखीरा बरामद कर इलाके में अशांति फैलाने की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया था। हथियारों में पांच एके-47 राइफलें, सात पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस शामिल थे। इतनी मात्रा में हथियार मिलने के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।
कुपवाड़ा के एसएसपी डॉ. जीवी सुदीप चक्रवर्ती के अनुसार, एक गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने धानी, ताड़ क्षेत्र में सेना के साथ मिलकर संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान एक ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। इसमें 6 मैगजीन, 5 एके-47 राइफल, 7 पिस्टल और इसकी 9 मैगजीन के साथ भारी मात्रा में गोला-बारूद शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में करनाह थाने में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात का पता करने में जुटी है कि ये हथियार किस संगठन ने यहां किस उद्देश्य से पहुंचाए थे।