टिहरी जिले के विकास खंड कीर्तिनगर एवं देवप्रयाग में तीन मोटर मार्गों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सड़क निर्माण हेतु पर्यावरण एवं वन मंत्रालय ने वन भूमि हस्तांतरण की मंजूरी दे दी है। विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने बताया कि जल्दी सड़कों का निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।
हिंसरियाखाल क्षेत्र को हाईवे से सीधे जोड़ने की मांग वर्षों पुरानी है। लोगों की मांग को देखते हुए लोनिवि ने बागवान-जाबर-हिंसरियाखाल मोटर मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव बनाया, लेकिन वन भूमि हस्तांतरण को मंजूरी नहीं मिल पाई। विधायक कंडारी का कहना है कि केंद्र सरकार ने फाइल लौटा दी थी, जिस पर उन्होंने केंद्रीय वन मंत्री को पत्र भेजकर मार्ग निर्माण से होने वाले लाभ से अवगत कराया था। जिसके बाद वन भूमि पीडब्लूडी को हस्तांतरित हो गई। उन्होंने बताया कि मार्ग बनने से हिंसरियाखाल के लोगों को घूमकर ऋषिकेश नहीं जाना पड़ेगा। यह सड़क बागवान में मिलेगी, जिससे 25 किमी की दूरी कम हो जाएगी।
इसके अलावा चौंडी से भदली-घटधार-थानकोट घेरा होते हुए सिमलासू बैंड तक सड़क निर्माण हेतु वन भूमि का हस्तांतरण हो गया है। कंडारी ने बताया कि ढुंडसीर शिवालय के संपर्क मार्ग निर्माण का रास्ता भी साफ हुआ है। यहां डांग-धारी मोटर मार्ग के सेमगढ़ से मंदिर तक सड़क का निर्माण होगा।