अनंतनाग। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग से किश्तवाड़ तक का सफर अब पहले की तुलना में आसान हो गया है। इस 40 किलोमीटर की दूरी के घाटी में पड़ने वाली सड़क को दुरुस्त कर दिया गया है। पहले जहां इस दूरी को तय करने में कम से कम पांच घंटे लगते थे वहीं अब यह दूरी दो से तीन घंटे में तय हो रही है। जम्मू के हिस्से में पड़ने वाले सड़क के हिस्से का काम पूरा होने पर यह सफर और आसान हो जाएगा।
सुपरीटेंडेंट इंजीनियर परवेज अहमद बताते हैं कि इस सड़क का अनंतनाग से मरगन टॉप तक का हिस्सा कश्मीर घाटी में पड़ता है। इसकी हालत खराब होने के कारण सरकार ने प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग को इसकी मरम्मत का काम सौंपा था। हालांकि मौसम की दुश्वारियों के कारण यह काम आसान नहीं था। कभी बर्फबारी और कभी बारिश के कारण काम पूरा करने में काफी दिक्कतें आईं परंतु इसे अब पूरा कर लिया गया है। जम्मू संभाग के हिस्से में काम बचा है उसे भी इस वर्ष पूरा कर लिया जाएगा। जब यह मार्ग पूरी तरह तैयार हो जाएगा तो न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि लोगों को किराया भी कम देना होगा।
इस मार्ग पर चलने वाले वाहन चालक बताते हैं कि पहले हमें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, कभी भी पत्थर पहाड़ से नीचे आ जाते थे। हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती थी लेकिन अब ये सड़क काफी अच्छी बन गई और है। इससे सफर भी आसान हुआ है और यात्रियों का पैसा भी बचेगा।