अनंतनाग। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय कश्मीर ने शुक्रवार को अनंतनाग में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना तथा रोजगार नामांकन अभियान के बारे में जानकारी देने के लिए एक जागरूकता सत्र का आयोजन किया।
इस सत्र का नेतृत्व क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2/प्रभारी अधिकारी विनय कुमार ने ईपीएफओ कश्मीर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम के साथ मिलकर किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य रेलवे द्वारा नियुक्त आउटसोर्स एजेंसियों के नियोक्ताओं एवं कर्मचारियों को पीएमवीबीआरवाई योजना के लाभ, पात्रता मानदंड तथा प्रक्रिया के बारे में शिक्षित करना था।
यह श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की प्रमुख योजना है जो संगठित क्षेत्र में औपचारिक रोजगार को बढ़ावा देती है तथा नौकरी सृजन को प्रोत्साहित करती है। सत्र के दौरान क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त एवं उनकी टीम ने योजना के तहत नए कर्मचारियों को नामांकित करने पर नियोक्ताओं को मिलने वाले प्रोत्साहनों की विस्तार से जानकारी दी तथा कर्मचारी भविष्य निधि एवं प्रकीर्ण प्रावधान अधिनियम, 1952 के अनुपालन के महत्व पर जोर दिया।
साथ ही, पंजीकरण एवं दावा प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ईपीएफओ द्वारा उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। ईपीएफओ कश्मीर टीम ने नियोक्ताओं एवं श्रमिकों को समावेशी एवं सतत रोजगार पहलों के माध्यम से विकसित भारत के सपने को साकार करने में पूरा सहयोग देने का संकल्प दोहराया। संवाद