2022 में 3.04 लाख और 2023 में देश-विदेश से 4.50 लाख श्रद्धालु श्री अमरनाथ की तीर्थयात्रा पर पहुंचे। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड और प्रदेश सरकार समेत व्यवस्था से जुड़े लोगों की खुशी दोगुनी तब हो गई जब पिछले साल 2024 में वर्ष 2012 के बाद रिकार्ड पांच लाख भक्त भूखे को अन्न और प्यासे को पानी, जय बाबा बर्फानी का जयकारा लगाते हुए पवित्र अमरनाथ गुफा पहुंचे।
इस साल भी जिस तरह से श्रद्धालु आ रहे हैं उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि भक्त पिछले साल का रिकार्ड तोड़ देंगे। तीर्थयात्रा इस बार 38 दिनों की है और महज 11 दिन में ही 1.82 लाख से अधिक भक्त बाबा के दर पर शीश नवा चुके हैं।
पांच साल में इस बार सबसे कम दिन होेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन
2021 से 2025 के बीच पांच साल के दरम्यान इस बार बाबा बर्फानी के दर्शन करने की समयावधि सबसे कम है। 2020 कोरोना महामारी के चलते तीर्थयात्रा स्थगित रही। 2021 में कोविड प्रोटोकाल के बीच 28 जून से 22 अगस्त तक 56 दिन के लिए यात्रा शुरू हुई लेकिन कोरोना के चलते बीच में ही स्थगित करनी पड़ी।
इसके बाद 2022 में 30 जून से 11 अगस्त तक 43 दिनों के लिए, 2023 में एक जुलाई से एक अगस्त तक 62 दिन, 2024 में 29 जून से 19 अगस्त तक 52 दिन के लिए यात्रा अवधि निर्धारित रही। इस बार तीन जुलाई से नौ अगस्त के बीच 38 दिनों तक भक्त पवित्र गुफा के दर्शन कर सकेंगे।