दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के खांडेपुरा गांव में 29 अक्तूबर को लश्कर कमांडर अबू कासिम को ढेर करने पर एसओजी को बड़ा इनाम मिला। विभाग द्वारा आपरेशन में शामिल टीम के 33 पुलिसकर्मियों को पदोन्नत किया गया है। एसएसपी कुलगाम के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार डीजीपी राजिंदरा ने सोमवार को कुलगाम का दौरा किया।
उन्होंने कासिम को ढेर करने वाली टीम के जवानों से मुलाकात की और उन्हें शाबाशी दी। इस दौरान डीजीपी ने बताया कि 16 पुलिस अफसरों को आउट ऑफ टर्न पदोन्नत किया गया है जबकि 17 एसपीओ को कांस्टेबल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस आपरेशन में शामिल पुलिस अधिकारियों व जवानों को मौद्रिक पुरस्कार भी दिया जाएगा।
डीजीपी के दौरे के दौरान उनके समक्ष कश्मीर रेंज के आईजीपी सैयद जावेद मुज्तबा गिलानी, डीआईजी साउथ नीतीश कुमार, एसएसपी अवंतीपुरा इरशाद हुसैन, एसएसपी शोपियां अलताफ खान और एसएसपी अनंतनाग अब्दुल जब्बार भी मौजूद थे। कासिम पर दस लाख का इनाम जम्मू कश्मीर पुलिस और दस लाख का इनाम एनआईए द्वारा रखा गया था।