श्रीनगर। कश्मीर में कोरोना महामारी की दूसरी घातक लहर के दौरान समाज के हर वर्ग से कोई न कोई ऐसा कोरोना योद्धा सामने आया है जो लोगों की मदद करना चाहता है। उनका मुख्य उद्देश्य है इस बीमारी के साथ-साथ घर बैठे लोगों को किसी न किसी तरीके से लाभ पहुंचाना। ऐसे ही एक कोरोना योद्धा हैं श्रीनगर के इरफान जिलानी। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े इरफान ने अपने साथी जाकिर हुसैन के साथ मिलकर एक ऐसी मोबाइल एप्लीकेशन बनाई, जिससे छात्रों को पढ़ने में आसानी होगी।
इरफान जिलानी ने बताया कि उन्होंने पिछले सप्ताह ही एक मोबाइल एप लॉन्च की, जिसका नाम है अपनी क्लासेज। यह दूसरा साल है जब सबको कोरोना की मार झेलनी पड़ रही है, ऐसे में हमने यह सोचा कि क्यों न एक ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार किया जाए जिससे छात्रों को लाभ पहुंच सके। इरफान के अनुसार इस एप के जरिये न केवल छठी से 12वीं तक के छात्रों को बल्कि यूपीएससी, जेकेपीएससी, सीएसई, जेकेएसएसबी, नीट, आईआईटी-जेईई आदि जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी छात्रों को शिक्षा प्रदान कराई जाएगी। उन्होंने बताए कि इसके दो मोड रहेंगे ऑनलाइन और ऑफलाइन। ऑनलाइन मोड में लाइव क्लास होंगी जबकि ऑफलाइन में प्रिरिकॉर्डेड लेक्चर अपलोड किए जाएंगे।
कहा कि अभी हाल ही में एप लांच की गई है और धीरे-धीरे कई शिक्षक जुड़ने लगे हैं। इरफान ने बताया कि उन्होंने ओपन इनविटेशन रखा है जो भी पढ़ाने का जज्बा रखता है वो जुड़ सकता है। उन्होंने बताया कि वह पिछले 11 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। कई बच्चों ने एप लांच के बाद उनसे संपर्क करना शुरू किया है।
उन्होंने बताया कि अभी फिलहाल एंड्राइड प्लेटफॉर्म के लिए ही एप बनाई गई है और जल्द ही आईओएस प्लेटफॉर्म के लिए भी एप डिजाइन की जाएगी। इस बीच कई छात्रों ने भी इस कोशिश की सरहाना की। उन्होंने कहा कि यह एप लाभदायक साबित होगा।