कठुआ। शिक्षकों की लंबित मांगों को पूरा न करने के विरोध में यूनाइटेड स्कूल टीचर्स एसोसिएशन ने 27 जनवरी को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। शुक्रवार को बैठक में सदस्यों ने कहा कि सरकार शिक्षकों की लंबित मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। ऐसे में अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
एसोसिएशन कि जिला प्रधान शशिपाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने सात साल से अंडर ग्रेजुएट शिक्षकों को सलेक्शन ग्रेड देना, डीपीसी की मांग, मिड डे मील की ग्रांट प्रति माह देना, हाल ही में पदोन्नत हेड मास्टरों को स्कूलों में नियुक्त करने पर गंभीरता नहीं दिखाई है। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर सरकार से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला है। बैठक में उपस्थित सुदेश कुमार, सुभाष कुमार, शुभनंदन शर्मा, मनोहर लाल आदि ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों को लंबे समय से प्रताड़ित किया है। कई बार सरकार को शिक्षा नीतियों में बदलाव की गुहार भी लगाई गई है, लेकिन सरकार ने अब तक किसी भी सकारात्मक पहल के लिए हामी तक नहीं भरी है। उन्होंने कहा कि सरकार के रवैये के कारण ही शिक्षकों को परेशानियों से दो चार होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने रवैया नहीं बदला तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।