श्रीनगर (ब्यूरो)। सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए लोगों को याद करने के लिए रविवार को श्रीनगर के एसकेआईसीसी में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह दिवस विश्व भर में नवंबर महीने के तीसरे सप्ताह में हर साल मनाया जाता है।
आज के कार्यक्रम में कश्मीर डिवीजन के डिवीजनल कमिश्नर डा. असगर हसन सामून मुख्य अतिथि थे और इसमें परिवहन आयुक्त मेहराज अहमद ककरू के अलावा सभी जिलों के जिला विकास आयुक्त, आरटीओ, ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी तथा ट्रांसपोर्टर्स मौजूद थे। अपने भाषण में मुख्य अतिथि ने दुर्घटनाएं रोकने के लिए बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था कायम करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ-साथ सिविल सोसायटी के लोगाें से भी इस कार्य में सहयोग की अपील की। उनका कहना था कि अकेले ट्रैफिक पुलिस ही इस व्यवस्था को सही बनाने में सफल नहीं हो सकती। इसके लिए सबके सहयोग की जरूरत है, ताकि सड़क हादसों की संख्या को कम किया जा सके। उनका कहना था कि सरकार ने यातायात व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के लिए कई कदम उठाए हैं, जिनको जमीनी स्तर पर लागू करने की जरूरत है।