श्रीनगर (ब्यूरो)। गत दिवस संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक की मौत की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। यह जांच बटमालू पुलिस थाने में मृतक के एक नजदीकी संबंधी द्वारा उसके सुसराल वालों पर युवक को कथित तौर पर जहर देने संबंधी लगाए गए गंभीर आरोप के बाद शुरू की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रावलपोरा निवासी नासीर अली शेख पुत्र अली मोहम्मद इस माह की 3 तारीख को बटमालू स्थित अपने सुसराल गया था और 6 तारीख को बीमार होने के बाद उसको इलाज के लिए श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल भर्ती करवाया गया। यहां अगले दिन बुधवार को उसकी मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि आज इस घटना में उस समय नया मोड़ आया, जब रावलपोरा के निवासी अब्दुल रशीद पंडित ने मृतक को अपना भतीजा बताते हुए बटमालू पुलिस थाने को लिखित रूप में सूचित किया कि उसके भतीजे को कथित तौर पर सुसराल वालों द्वारा जहर देकर मारा है। इसलिए इस मामले की पूरी तहकीकात की जानी चाहिए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस के पास मामले की जांच करने के लिए लिखित तौर पर शिकायत आई थी और उसने इसकी जांच शुरू कर दी है। मौत के सही कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चल पाएगा।