जम्मू कश्मीर स्कूली शिक्षा बोर्ड की 12वीं परीक्षा (समर जोन) में पिछले एक दशक में सबसे बेहतर 53 फीसदी परीक्षा परिणाम आया है।
मेरिट में एक बार फिर बेटियों का जलवा रहा है। साइंस, कामर्स, आर्ट्स और होम साइंस में पहली दस पोजीशन पर 80 विद्यार्थियों ने कब्जा जमाया है। इनमें 63 बेटियां और 17 बेटे शामिल हैं। हालांकि साइंस में पहली पोजीशन पर विवेक गुप्ता संभाग में टॉपर बने हैं।
पास प्रतिशत में भी लड़कियां लड़कों से काफी आगे रही हैं। परीक्षा में कुल 35190 विद्यार्थी बैठे थे। इनमें से 18581 विद्यार्थी नतीजों में पास घोषित किए गए हैं।
कुल 53 फीसदी रहे परीक्षा परिणाम में 48 फीसदी लड़के और 59 फीसदी लड़कियां कामयाब रही हैं। साइंस में डोगरा हायर सेकेंडरी स्कूल शास्त्री नगर के विवेक गुप्ता ने 98 फीसदी अंक हासिल कर परीक्षा में टॉप किया है। शिक्षा निकेतन एचएसएस की आकांक्षा शर्मा को दूसरी पोजीशन हासिल हुई है।
कामर्स विषय में गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल मुबारक मंडी की छात्रा नीतिका कपूर ने 97.2 फीसदी अंक हासिल कर कामर्स में टॉप किया है। शिक्षा निकेतन की दीक्षा महाजन को दूसरी पोजीशन हासिल हुई है।
आर्ट्स विषय में गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल मुबारक मंडी की छात्रा अर्शदीप कौर ने 92.4 फीसदी अंक हासिल कर पहली पोजीशन पर कब्जा जमाया है। होम साइंस विषय में भी गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल मुबारक मंडी की छात्रा नेहा सोत्रा ने 69.8 फीसदी अंकों के साथ पहली पोजिशन हासिल की है।