राजोरी। कोटरंका पुलिस थाने के तहत पड़ने वाले जगलानू क्षेत्र में वीरवार को दो युवकों के बीच मामूली कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस हाथापाई में एक युवक की जान चली गई।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासी जफर इकबाल घर के पास भेड़ बकरियां चरा रहा था। तभी उसकी बकरियां मनीर हुसैन नामक युवक की जमीन में चली गई। इसी बात को लेकर मनीर और जफर के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि मनीर ने लाठी से जफर के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इससे जफर के सिर पर गहरी चोट आई और वह बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने उसे कोटरंका के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिवार के हवाले कर दिया। एसएसपी राजोरी शीमा नबी कस्बा ने बताया कि मनीर हुसैन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।