सुंदरबनी। क्षेत्र में दस दिन से बारिश नहीं होने से दिन ब दिन तापमान में हो रही बढ़ोतरी के कारण उमसभरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। वहीं बिजली विभाग की तरफ से बढ़ती गर्मी के साथ हो रही बिजली कटौती से लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।
सुंदरबनी में मंगलवार का दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री को पार कर गया, जिससे कि दिनभर चले लू के थपेड़ों को कारण लोगों को मजबूर होकर घरों में कैद होकर रहना पड़ा और बाजारों के खुले रहने के बावजूद सन्नाटा छाया रहा। क्षेत्र में बारिश नहीं होने के कारण जमीन से नमी खत्म होने के कारण मक्की की फसलें पूरी तरह से सूखने के कगार पर हैं। अगर इसी प्रकार से उमसभरी गर्मी जारी रही और बारिश नहीं हुई तो मक्की की फसल पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। एक तरफ लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हो रहे हैं। दूसरी तरफ बिजली विभाग की ओर से बढ़ती गर्मी के साथ ही बिजली की अनियमित कटौती भी बढ़ती जा रही है, क्योंकि जब भी बिजली का लोड बढ़ता है तो बिजली बंद हो जाती है जिससे लोगों की परेशानियों का बढ़ना स्वाभाविक है।