सुंदरबनी। उपजिला सुंदरबनी और इसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार देर रात मूसलाधार बारिश के साथ चले तूफान से आम की फसल का भारी नुकसान हुआ है। सुंदरबनी के साथ उपजिला अखनूर और खौड में आम की बंपर पैदावार होती है। यह बहुत से किसानों की रोटी का जरिया भी है। लेकिन, तूफान के कारण किसानों की कड़ी मेहनत पर पानी फिर गया।
इस संबंध में प्रवीण कुमार, सत पाल, अशोक कुमार, नरेश कुमार, चमेल सिंह, शाम लाल, आदि का कहना है कि इस बार आम की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद थी, लेकिन तूफान के कारण फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि सुंदरबनी और इससे आसपास के गांवों से तैयार आम सुंदरबनी की मंडियों के साथ-साथ राजोरी और पुंछ की मंडियों में भी बेचा जाता था। इससे किसानों की अच्छी कमाई होती थी।
उधर, तूफान के कारण बिजली ढांचे को भी नुकसान हुआ है। कुछ समय के लिए पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। हालांकि, सुंदरबनी नगर और इसके आसपास लगते ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली विभाग ने बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया गया था, लेकिन दूर दराज और पहाड़ी क्षेत्रों में तूफान से लाइनों पर पेड़ गिरने से लाइनें टूट गई थीं। इसलिए, बिजली आपूर्ति देर शाम तक भी बहाल नहीं हो पाई।
इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों देवक, हथल नाला मल्ला भरोड और सीमावर्ती क्षेत्रों के कुछ गांवों में बिजली की लाइनों को काफी नुकसान हुआ है। इसे ठीक किया जा रहा है और बहुत जल्द बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।