राजोरी के कोटधरा इलाके में संदिग्ध गतिविधि के बाद तलाशी अभियान चलाया
संवाद न्यूज़ एजेंसी
राजोेरी। जिले के कोटधारा इलाके में मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि एक विलेज डिफेन्स कमेटी सदस्य ने घर के बाहर संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने पर दो राउंड फायर किए। इसके बाद इलाके में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब 10:25 बजे कोटधरा के वार्ड नंबर 8, गलोटा मोहल्ला, शिव मंदिर के समीप रहने वाले वीडीसी सदस्य कौशल कुमार शर्मा ने अपनी सुरक्षा में मिले हथियार से दो राउंड फायर किए।
बताया जा रहा है कि वीडीसी सदस्य ने अपने घर के आसपास दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधि देखीं। संदिग्ध आवाजाही को देखते हुए उन्होंने सतर्कता बरतते हुए फायरिंग की। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित सुरक्षा एवं पुलिस एजेंसियां सक्रिय हुईं और मामले की जानकारी जुटाई गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संदिग्ध व्यक्ति कौन थे और फायरिंग के बाद वे मौके से किस दिशा में गए। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा इलाके में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। वहीं बुधवार को इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया गया जिस दौरान सुरक्षा बलों ने चप्पा चप्पा खंगाला लेकिन कुछ हाथ लगा।
गौरतलब है कि राजोेरी-पुंछ क्षेत्र में वीडीसी सदस्यों को संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हथियार उपलब्ध कराए गए हैं। ऐसे में देर रात हुई इस घटना को सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, घटना में किसी के घायल होने या किसी अन्य नुकसान की सूचना फिलहाल सामने नहीं आई है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही फायरिंग के वास्तविक कारण और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।