शहर के धनोर जरालां क्षेत्र में पेयजल की भारी किल्लत से जूूझ रहे लोगों ने वीरवार को पीएचई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर अपना रोष व्यक्त किया।
नागरिकों ने करीब तीन घंटे राजोरी-धनोर मार्ग जाम कर जल्द सप्लाई सुचारु करने की गुहार लगाई। लोगों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक महीने से पीएचई की पाइपों से पानी नहीं आया है।
स्थानीय निवासी मुश्ताक बट्ट, अब्दुल हमीद, रशीद चौधरी, तनवीर हुसैन आदि ने बताया कि कई बार विभाग के एक्सईएन कार्यालय जा कर सप्लाई सुचारु करने की गुहार लगाई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पीएचई सप्लाई ठप होने से उन्हें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौके पर पहुंचे एसएचओ यशपाल सिंह जम्वाल ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह संबंधित विभाग से बात कर जल्द सप्लाई बहाल करवाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन में सप्लाई सुचारु नहीं बनाई गई तो लोग एक्सईएन कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन करेंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।