ऑपरेशन सद्भावना के तहत सेना आम जनता की भलाई और विकास के लिए कई कार्य करती रहती है।
इसी कड़ी में एक और कदम आगे बढ़ाते हुए सेना ने दूर दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को बिजली सुविधा प्रदान करने के मकसद से सौर बैटरी चार्ज स्टेशन स्थापित किए हैं।
जानकारी के अनुसार, जिले की कालाकोट सब डिवीजन के तलवाड़ा क्षेत्र स्थित सेना की राष्ट्रीय राइफल बटालियन द्वारा परानकोट और डक्कीकोट गांवों में यह सुविधा प्रदान की गई है।
इसके अंतर्गत सेना द्वारा दोनों गांवों में सूर्य की किरणों से चार्ज होकर बिजली पैदा करने वाली बैटरियां और अन्य उपकरण लगा कर तीन सौर स्टेशन स्थापित किए गए हैं। यह तीन सौर बैटरी चार्ज स्टेशन दोनों गांवों के करीब 30 परिवारों को रोशन करेंगे।
आधुनिक युग में भी यह दोनों गांव बिजली सुविधा से वंचित थे। वहां बिजली विभाग द्वारा कई वर्ष पहले खंभेे तो खड़े कर दिए गए थे, लेकिन अभी तक वहां तारें डाल कर बिजली नहीं पहुंचाई जा सकी थी।
स्थानीय लोगों ने इस कार्य की सराहना करते हुए सेना के प्रति आभार प्रकट किया है।