जिला अस्पताल में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब ड्यूटी करने आए दो डाक्टर आपस में भिड़ गए। कुछ अन्य डाक्टरों ने बीच बचाव कर मामला शांत करवाया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा अधीक्षक ने विभागीय जांच का आदेश दे दिया है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे जिला अस्पताल के कैजुवलिटी मेडिकल आफिसर डा. जावेद चौधरी और डेंटल सर्जन डा. नफीस डार किसी बात को लेकर आपस में उलझ पड़े।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि दोनों डाक्टरों में पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और फिर बात धक्का मुक्की तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद कुछ अन्य डाक्टरों और प्राइवेट सुरक्षा कर्मियों ने बीच बचाव कर मामला शांत करवाया।
सूत्रों की मानें तो दोनों डाक्टरों में पिछले काफी समय से आपसी तनाव चल रहा है। इसका सीधा प्रभाव जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली पर पड़ता दिख रहा है।
अधीक्षक डा. महमूद ने बताया कि इस प्रकार से ड्यूटी पर उलझना सही नहीं है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर विभागीय जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वह जांच कर तीन दिन में अपनी रिपोर्ट पेश करें। उधर, इस मामले में डा. नफीस डार ने जावेद चौधरी के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करवाया है।