शुक्रवार देर शाम शहर की सबसे अधिक व्यस्त रहने वाले सिटी चौक पर िफर माहौल खराब करने की साजिश हुई। दो बार यहां पर किसी अज्ञात द्वारा पत्थर फेंकने की घटना के बाद शुक्रवार को चौक स्थित एक बेकरी की दुकान के आगे कांच की बोतलें फेंकने की घटना हुई। इसमें कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन माहौल खराब हो गया।
हैरानी की बात तो यह है कि जहां घटना पेश आई, वहां हर समय पुलिस की नफरी तैनात रहती है। यही नहीं, घटनास्थल से मात्र 100 मीटर की दूरी पर सिटी पुलिस चौकी है। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे सिटी चौकस्थित संजय बेकरी के आगे दूध की कांच की बोतलें आ कर गिरी। इसके बाद स्थानीय दुकानदार इकट्ठे हो गए और विरोध जताना शुरू कर दिया।
पास में खड़ी पुलिस की नफरी भी पहुंच गई। साथ ही सिटी चौकी प्रभारी भी पहुंच गए। पुलिस ने संदिग्ध के तौर पर दो बच्चों को पकड़ लिया। इसके बाद तीन और युवकों को भी संदिग्ध के तौर पर पकड़ा गया। इसके बाद डीएसपी आपरेशन, डीएसपी हेडर्क्वाटर और एसएचओ भी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। और दुकानदारों से पूछताछ की। दुकानदारों ने एक स्वर में पुलिस अधिकारियों से कहा कि यह हो क्या रहा है। पिछले कई दिनों से सिटी चौक को निशाना बनाया जा रहा है।
पहले दो बार पत्थर फेंकने की घटनाएं पेश आई हैं और अब बोतलें फेंकी गई। दुकानदारों ने मांग करते हुए कहा कि सिटी चौक में बिजली की व्यवस्था होनी चाहिए। जब तक दुकानें बंद नहीं होती, तब तक बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए। सिटी चौक पर 24 घंटे पुलिस की नफरी तैनात रहती है। पास में ही पुलिस चौकी भी है। बावजूद इसके सिटी चौक को निशाना बनाया जा रहा है। सिटी चौक शहर की सबसे व्यस्त चौक हैं। यहां से हर वक्त सैकड़ों लोगों का आना जाना लगा रहता है।