ट्रैफिक पुलिस द्वारा मुगल रोड से कश्मीर घाटी के लिए शुक्रवार रात को एक तरफ सेयातायात पर रोक लगाने के बाद यात्री भड़क उठे। गुस्साए यात्रियों ने बवाल मचाते हुए प्रदर्शन और नारेबाजी की। देर शाम करीब 7 बजे मुगल रोड से कश्मीर की ओर जाने वाले करीब 200 वाहनों को शहर के दरहाली क्षेत्र में रोक दिया गया।
इससे वाहनों में बैठे यात्री भड़क उठे और जिला प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच वहां जाम की स्थिति पैदा होने से कई अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुस्साए यात्रियों ने बताया कि यदि उन्हें समय रहते सूचना दे दी जाती तो वह देर शाम यात्रा के लिए नहीं निकलते। वहीं करीब दो घंटे तक बवाल के बाद ट्रैफिक पुलिस के टीआई शबीर अहमद और एसएचओ राजोरी ने मौके पर पहुंच कर यात्रियों को समझाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रात के समय किसी भी हादसे को रोकने के लिए केवल एक तरफ से यातायात को चालू रखा गया है। सुबह होते ही यातायात को दोनों तरफ से खोल दिया जाएगा।
गौरतलब है कि जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को मरम्मत के लिए बंद किए जाने से मुगल रोड पर वाहनों की आवाजाही कई गुना बढ़ गई है। शुक्रवार को करीब दो हजार से भी अधिक वाहनों ने राजोरी से होकर मुगल रोड से कश्मीर घाटी के लिए रुख किया। जिससे थन्नामंडी-राजोरी मार्ग पर कई बार लंबा जाम भी रहा।