राजोरी के एचईएम हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने अपने अभिभावकों, स्कूल और जिले का नाम रोशन कर इतिहास रच दिया। स्कूल की छात्राओं ने राज्य स्तरीय अंग्रेजी भाषा क्विज प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। जम्मू स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट आफ एजूकेशन द्वारा राज्य स्तरीय अंग्रेजी भाषा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
प्रतियोगिता में राज्य भर से करीब एक दर्जन स्कूलों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
इस क्विज प्रतियोगिता में एचईएम स्कूल की छात्राओं की टीम ने अन्य स्कूलों को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। टीम की निमरा फिरदोस, नोरीन बट्ट और सदफ बट्ट ने प्रतियोगिता में पूछे गए शब्दावली के उपयोग और व्याकरण के सवालों के उत्तर देकर वहां उपस्थित सभी को अचंभित कर दिया।
तीनों छात्राओं ने राज्य के कई प्रसिद्ध स्कूलों के विद्यार्थियों को मात देते हुए दूसरा स्थान अपने नाम किया। वहीं शुक्रवार को स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान तीनों छात्राओं को बेहतर प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल के संस्थापक फारूक मुजतर वानी और प्रिंसिपल सलीम वानी ने छात्राओं को बधाई दी।