चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुंछ में दूसरे दिन शनिवार को भी पुलिस का बाहरी राज्यों से आए लोगों की पहचान जांचने और उसकी पुषि्ट करने के साथ ही फिंगर प्रिंट्स एकत्र करने का सिलसिला जारी रहा।
जिसके चलते बड़ी संख्या में नगर और आसपास के क्षेत्रों में रेहड़ी, फड़ी एवं फेरी लगाने वाले अपने सामान के साथ थाने में जुटे रहे। जहां पर वह बारी-बारी से अपने दोनों हाथों के फिंगर प्रिंट्स की छाप दे रहे थे। इस काम के लिए पुलिस ने विशेष तौर पर मेटाडोर वाहन में स्थापित फोरेंसिक लैब को ही थाने में तैनात कर रखा था।
गौरतलब है कि नगर में पिछले एक महीने में जहां तीन गुरुद्वारों में चोरी की घटनाएं हुईं, वहीं करीब आधा दर्जन घरों में भी चोराें ने हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने कहा है कि यदि कोई रात में किसी जरूरी काम से घर से बाहर निकलता है तो वह अपने साथ पहचान के लिए आवश्यक कागज साथ रखें, ताकि उन्हें किसी परेशानियों का सामना न
करना पड़े।