भारत-पाक नियंत्रण रेखा से सटे बटवड़ियां गांव के निवासियों ने गांव में आज तक मूलभूत सुविधाएं उपल्बध न कराए जाने पर प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया। लोगों ने कहा कि गांव तक संपर्क सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है।
इसके अलावा बिजली एवं पीने के पानी की नियमित सप्लाई की भी कोई व्यवस्था नहीं है। शहीद अहमद, मोहम्मद दानिश और मोहम्मद जमान की अगुवाई में ग्रामीणों ने बैठक करते हुए गांव के विकास की अनदेखी का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि आज तक गांव में लोगों को सड़क, बिजली, पानी उपलब्ध करने के लिए प्रशासन और सरकार की तरफ से कोई प्रयास नहीं किया गया।
गांव में जहां बिजली सप्लाई के लिए तारों को पेड़ों से बांधा गया है। वहीं पानी की सप्लाई के लिए बिछाई गई अधिकतर पाइपें टूटी हुई हैं। जिसके चलते लोगों को पहाड़ी से काफी नीचे से पानी ढोकर लाना पड़ता है। संपर्क सड़क न होने के कारण लोगाें को आज भी कई किलोमीटर पैदल आवाजाही करनी पड़ती है। परेशानी तब और बढ़ जाती है, जब कोई बीमार पड़ जाता है।