नगर में शनिवार की दोपहर को हुए भीषण सड़क हादसे में 55 वर्षीय मोहम्मद रफीक निवासी सुक्खा कठ्ठा पुंछ की मौत हो गई और चार घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। घायलों में हनीफ बी निवासी सुक्खा कठ्ठा पुंछ, नवजोत सिंह निवासी सुथरा बावली पुंछ, इकजोत कौर और महक प्रीत कौर दोनों निवासी पावर हाउस पुंछ शामिल हैं। हादसा नगर के मोहल्ला पुरानी पुंछ स्थित एसएसपी कार्यालय के पास हुआ।
मोहल्ला पावर हाउस की तरफ से आ रही आल्टो कार जेके 12-0177 ने सामने से पैदल आ रहे मोहम्मद रफीक और उसकी पत्नी हनीफ बी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक का कार से नियंत्रण खो गया। इससे वह सड़क किनारे बने नाले को पार कर बिजली के खंभे से जा टकराई। इसमें कार सवार चालक और दो युवतियां घायल हो गईं। हादसे के बाद एसएसपी कार्यालय में मौजूद एसएचओ जतिन्दर रैना ने पुलिस कर्मियों और और लोगों की सहायता से घायलों को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया। जम्मू ले जाते समय सूरनकोट के पास मोहम्मद रफीक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को रास्ता देते समय कार राहगीरों से जा टकराई। इसके बाद खंभे से जा भिड़ी।