राजोरी। संघर्ष विराम के बीच पाकिस्तान ने आतंकी घुसपैठ की कोशिशें तेज कर दी हैं। राजोरी जिले के विभिन्न इलाकों से घुसपैठ की लगातार कोशिशें हो रही हैं। आतंकी राजोरी से घुसपैठ के बाद जंगल क्षेत्र से होकर कश्मीर घाटी जाने की फिराक में हैं।
हाल ही में हुई कई आतंकी घटनाओं में पाकिस्तान की यह साजिश सामने आई है। रविवार की सुबह भी मंजाकोट और थन्नामंडी की सीमा पर स्थित डोरी माल नामक ऊंची पहाड़ी पर आतंकियों की मौजूदगी मिली। सैन्य सूत्रों ने बताया कि जिस आतंकी ग्रुप की सेना और पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई उसके दो दिन पहले राजोरी के तरकुंडे इलाके से घुसपैठ की आशंका है। सूत्रों ने बताया कि तीन से चार आतंकियों का ग्रुप तरकुंडी इलाके से घुसपैठ करने में कामयाब रहा है। यह आतंकी मंजाकोट के गंभीर मुगला के घने जंगली इलाके से डोरी माल नामक ऊंची पहाड़ी तक पहुंच गया। यह क्षेत्र गंभीर मुगला और थन्नामंडी की सीमा पर है। यहीं पर आतंकियों का सुरक्षा बलों से सामना हुआ। सूत्रों ने बताया कि आतंकियों को मुगल रोड तक और वहां से कश्मीर घाटी जाना था। इससे पूर्व 6 अगस्त को भी थन्नामंडी तहसील के जंगली इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों को मार गिराया गया था। 19 अगस्त को फिर से थन्नामंडी के जंगली इलाके में एक और मुठभेड़ हुई थी। इसमें एक और आतंकी ढेर किया गया। उस मुठभेड़ के बाद भी यह बात सामने आई थी कि वो आतंकी ग्रुप भी थन्नामंडी के जंगली इलाकों से होते हुए कश्मीर घाटी जाने की फिराक में था, जब रास्ते में ही उन्हें ढेर कर दिया गया था।