पुंछ जिले के मेंढर तहसील के सोनिया सुंबला क्षेत्र में शनिवार को दसवीं कक्षा एक छात्र पर उसी के दो सहपाठियों ने एसिड फेंक कर उसे जख्मी कर दिया। घायल छात्र क्षेत्र के सरकारी उप जिला अस्पताल में उपचाराधीन है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के सरकारी हाई स्कूल के दसवीं कक्षा का छात्र मोहम्मद शाहबाज दोपहर बाद करीब तीन बजे कक्षा से बाहर आ रहा था। इस दौरान पहले से घात लगाए बैठे उसके दो सहपाठियों ने उस पर एसिड फेंक दिया। कुछ शिक्षकों ने तुरंत उसे सरकारी उप जिला अस्पताल पहुंचाया और उसके अभिभावकों को सूचित किया।
अस्पताल में उपचार कर रहे डाक्टर के अनुसार पीड़ित छात्र की हालत स्थिर है। पीड़ित छात्र की मां ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में अच्छा है। स्कूल के कुछ सहपाठी पहले से ही उसके साथ ईर्ष्या करते थे।
पुलिस ने पीड़ित के अभिभावकों की लिखित शिकायत पर भी जब कोई मामला दर्ज नहीं किया तो परिवार वालों ने एसडीएम के पास दस्तक दी। जिस पर एसडीएम मेंढर रमेश कुमार ने पुलिस को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने दोनों आरोपी छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी धर पकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक दोनों आरोपी छात्र पुलिस की पकड़ से दूर थे।