कोटरंका शिक्षा जोन के एक सरकारी मिडिल स्कूल की छत सोमवार की रात आई तेज आंधी में उड़ गई। इसके चलते बच्चों को खुले में पढ़ाई करनी पड़ रही है। जानकारी के अनुसार मूसलाधार बारिश से पहले तेज आंधी ने कोटरंका तहसील के कई इलाकों में कहर बरपाया। तहसील के फगोली क्षेत्र स्थित सरकारी मिडिल स्कूल की टिन की छत भी इसकी भेंट चढ़ गई। यह उखड़कर दूर जा गिरी। मंगलवार को सुबह जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो उन्होंने स्कूल को बिना छत का पाया।
इसके चलते बच्चों को पूरे दिन खुले बैठ कर पढ़ाई करनी पड़ी। बच्चों के अभिभावकों ने शिक्षा विभग के प्रति रोष प्रकट करते हुए कहा कि स्कूल भवन की हालत लंबे समय से खस्ता बनी हुई थी। बारिश होने में छत से पानी टपकता है। कमरों में पानी भर जाता था। कई वर्ष पहले डाली की टिन की चादरों सड़कर पुरानी हो चुकी थीं। गर्मी के चलते बच्चे खुले आसमान के नीचे बैठ कर पढ़ाई नहीं कर सकते।
कुछ दिनों बाद बरसात का मौसम शुरू हो जाएगा। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। उन्होंने शिक्षा विभाग से अपील की कि स्कूल में नई टिन डाली जाए। इस संबंध में जेडईओ कोटरंका सलाह मोहम्मद ने बताया कि विभाग को नई चादरें डालने के लिए फंड उपलब्ध कराने के लिए लिखा गया है। जल्द ही नई चादरें डालने के साथ मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा।