मौसम ने शुक्रवार को एक बार फिर अपने तेवर बदले और हल्की बारिश शुरू हो गई। वहीं पीर पंजाल के ऊंचे पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी से ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह से ही आसमान पर काले घनेे बादल छाए रहे।
करीब नौ बजे हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। करीब तीन घंटे तक हल्की बारिश के बाद फिर से सूर्य की किरणें निकली। दोपहर बाद तेज धूप निकलने से शहर वासियों को ठिठुरन से काफी निजात मिली।
शाम को फिर से आसमान पर बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। उधर, जिले के ऊंचे पीर पंजाल के पहाड़ों पर सुबह से तेज बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया।
जिले के बुद्धल, दरहाल, थन्नामंडी, कोटरंका तहसीलों के ऊंचे पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी और तहसील मुख्यालयों पर तेज बारिश हुई। ऊंचे पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी और बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में कमर तोड़ ठंड का प्रकोप जारी है।
पहाड़ों से आने वाली कोहरे वाली सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। पहाड़ी इलाकों में गर्म कपड़ों के साथ-साथ आग का सहारा लेने पर लोग मजबूर हो गए। लोगों को अपने घरों में ही दुबके रहना पड़ रहा है।
वहीं ताजा बर्फबारी और बारिश के साथ-साथ बिजली कटौती लोगों की दिक्कत बढ़ा रही है। बिजली कटौती के चलते जहां एक तरफ बच्चों की पढ़ाई प्रभावत हो रही है, वहीं आम लोगों की परेशानियां भी बढ़ रही हैं।