शहर के संगपुर निवासी एक सातवीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। छात्र घर से जंगल में बकरियां चराने निकला था।
जानकारी के अनुसार मोहम्मद रफीक का 12 वर्षीय बेटा सराब अहमद जो कि मोबाइल स्कूल का सातवी कक्षा का छात्र था।
वीरवार की शाम को घर के पास के एक जंगल में बकरियां चराने ले गया था। देर रात तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिवार ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की।
छात्र का कोई भी सुराग नहीं लगने पर परिवार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शुक्रवार को दोपहर बाद करीब दो बजे कुछ लोगों ने एक बच्चे का शव शहर के नारियां पिंड स्थित एक बावली के पास देखा।
पुलिस को सूचित करने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव की पहचान करवाई तो पाया कि शव उसी छात्र का है जो कल शाम से घर से लापता था।
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस छात्र की मौत के पीछे कारणों का पता लगाने में पुलिस जुट गई है। पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मारे गए छात्र की मौत का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नौशेरा में शुक्रवार को एक युवक की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक शुभम बख्शी पुत्र अनिल बख्शी निवासी नौशेरा को वीरवार को गंभीर हालत में उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के बाद युवक को मेडिकल कॉलेज जम्मू के लिए रेफर कर दिया। जम्मू ले जाते वक्त रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। युवक के शव का उपजिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिवार को सौंप दिया गया।