बारिश की वजह से जिले के 164 स्कूलों की इमारतों को क्षति पहुंची है। इनमें से 61 स्कूलों की इमारतें पूरी तरह से टूट र्गईं, जबकि 103 स्कूलों की इमारतों में दरारें आ गईं। जिले के सभी 15 शिक्षा जोन में कमेटियां गठित कर दी गई हैं, जो अपने-अपने जोन में स्कूलों को हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार करेंगे।
इन स्कूलों को चलाने के लिए विभाग लोगों के घरों को किराए पर ले रहा है। राजोरी के मुख्य शिक्षा अधिकारी, लाल हुसैन ने बताया कि विभाग ने प्रभावित 164 स्कूलों को किराए के घरों में चलाने का निर्णय लिया है। पिछले दिनों बारिश और बाढ़ की वजह से हुई तबाही का असर जिले की शिक्षा पर भी पड़ा है।
कई स्कूल अभी तक शुरू नहीं हो पाए। जो हो भी पाए हैं, वहां पर शिक्षा पूरी तरह से चालू नहीं हो पाई। विभाग ने ऐसे स्कूलों को दोबारा बनाने या फिर मरम्मत कराने के लिए जिले के सभी शिक्षा जोन में कमेटियां गठित कर दी हैं। ताकि स्कूलों में हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा सके।