भारतीय सेना जहां एक तरफ सीमाओं पर आतंकवादियों से लोहा लेकर नागरिकों की जान की रक्षा कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ प्राकृतिक आपदा हो या कोई अन्य संकट, सेना ही हमेशा सहारा बनती है। दूर दराज के सरकारी स्कूलों में मूलभूत ढांचे की कमी को पूरा करने में भी सेना पीछे नहीं हटती है।
इसी कड़ी में एक और कदम आगे बढ़ाते हुए सेना की रोमियो फोर्स द्वारा जिले के मंजाकोट तहसील के संदोट हायर सेकेंडरी स्कूल में फर्नीचर भेंट किया गया। स्कूल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सेना ने फर्नीचर भेंट कर बच्चों की समस्या का समाधान किया। वहीं इस अवसर पर क्षेत्र के सरपंच ने सेना के कार्यों की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया।
उन्होंने सेना के इस कदम को विद्यार्थियों के लिए बहुत लाभदायक बताया।सेना द्वारा मंजाकोट के ककोरा क्षेत्र के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में एक डिबेट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में स्कूल के बच्चों ने बढ़े उत्साह के साथ भाग लिया। सेना द्वारा बच्चों को भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने के बारे में प्रेरित किया गया।