राजोरी। जम्मू संभाग में समर जोन के तहत चल रही 12वीं कक्षा की परीक्षा में दो सीनियर लेक्चररों ने 17 अप्रैल को होने वाला प्रश्नपत्र सात अप्रैल को ही खोलकर बच्चों में बांट दिया। आरोप है कि इस बारे में किसी को सूचना भी नहीं दी गई। शिक्षा विभाग ने इसे गंभीर आरोप माना है और उन्हें निलंबित करने के लिए निदेशक को पत्र भेजा है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी चौधरी गुलजार हुसैन की तरफ से जारी नोटिस के अनुसार नौशेरा शिक्षा जोन के कलसियां स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए 12वीं कक्षा के परीक्षा केंद्र नंबर 34810 (ए) में 7 अप्रैल को फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा थी, लेकिन परीक्षा केंद्र में तैनात सुपरिंटेंडेंट सीनियर लेक्चरर कुलबीर सिंह और डिप्टी सुपरिंटेंडेंट कार्यकारी लेक्चरर सतवींदर सिंह ने लापरवाही बरतते हुए 17 अप्रैल को होने वाला फिजिकल एजुकेशन एवं स्पोर्ट्स का प्रश्नपत्र 10 बच्चों में बांट भी दिया। स्कूल के सेकेंड इंचार्ज सीनियर लेक्चरर भूपिंदर सिंह ने भी लापरवाही बरतते हुए प्रश्नपत्र के पैकेट को बिना देखे ही उस पर पर हस्ताक्षर कर दिए।
सीईओ के अनुसार परीक्षा केंद्र के सुपरिंटेंडेंट, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट और स्कूल के सेकेंड इंचार्ज को जब अपनी गलती का अहसास हुआ तो उन्होंने उच्च अधिकारियों के समक्ष सच बोलने और रिपोर्ट करने के बजाए इतनी बड़ी गलती को छुपाने का प्रयास किया। वहीं जब सीईओ को यह ज्ञात हुआ कि उक्त केंद्र में गलत प्रश्नपत्र बच्चों में बांट दिया तो उन्होंने तत्काल जांच की और पाया कि तीनों ने सच को छुपाया है। मामले का संज्ञान लेते हुए सीईओ ने शिक्षा विभाग के निदेशक को तीनों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें निलंबित करने की सिफारिश भेजी है। सीईओ ने शिक्षा विभाग के निदेशक को तीनों सीनियर लेक्चरर को निलंबित करने के लिए सिफारिश भेजी है और साथ ही भवानी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य और नौशेरा हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य को मामले की जांच कर दो दिन के अंदर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।