सुंदरबनी। नगर में कोविड-19 से बचाव पर लोगों को जागरूक करने के लिए सूचना प्रसार विभाग ने गर्ल्स हायर सकेंडरी स्कूल में शिविर लगाया। शिविर में एडीसी विनोद कुमार मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में छात्राओं और स्कूल स्टाफ को कोविड एसओपी का पालन करने के लिए कहा गया। बीएमओ मंजूर हुसैन और सूचना प्रसार विभाग के अधिकारियों ने कहा कि कोविड-19 के मामले कम जरूर हुए हैं, लेकिन इसमें हम यह नहीं कह सकते कि कोरोना खत्म हो गया है। थोड़ी सी लापरवाही पर फिर से संक्रमण बढ़ सकता हैं। अधिकारियों ने कहा कि कोविड-19 को फिर से फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग और सिविल प्रशासन ओर से जारी की जा रही एसओपी का पूरी तरह से पालन करना होगा। स्कूल आने वाले विद्यार्थियों और स्टाफ को पूरी तरह से सावधानियां बरतनी होंगी, ताकि खुद के साथ अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सके। इसके लिए मास्क और सैनिटाजर का प्रयोग करना होगा। सामाजिक दूरी का ध्यान रखना होगा और कोविड टीकाकरण भी जरूरी है। एडीसी ने इस दौरान जागरूकता वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।