राजोरी के रेहान इलाके में एक कार हादसे में एक महिला की मौत हो गई। हादसे में एक सैन्य जवान और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
राजोरी जिले की कोटरंका सब डिवीजन के रेहान इलाके में बुधवार को एक निजी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि, कार में सवार मृतिक महिला का भाई सैन्य जवान और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक कार से सैन्य जवान मोहम्मद इखलाक उसकी पत्नी नाजिआ कौसर और बहन शहनाज बेगम बुद्धल से राजोरी की तरफ आ रहे थे। बताया जा रहा है कि जब कार कोटरंका के रेहान त्राला इलाके मे पहुंची तो एक मोड़ पर चालक अपना संतुलन खो बैठा। इससे कार करीब 200 मीटर गहरी खाई मे जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि महिला शहनाज अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस के मदद से सभी को जीएमसी राजोरी पहुंचाया। जहां, डॉक्टरों ने शहनाज अख्तर को मृत लाया करार दे दिया। जबकि, सैन्य जवान और उसकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे कि कार्रवाई शुरू करते हुए शव का पोस्टमार्टम करने और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया है।