सुंदरबनी। आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से क्षेत्र में पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली। दूसरी तरफ क्षेत्र के किसानों को गेहूं की फसल का नुकसान होने की चिंता सताने लगी है।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं की पकी फसल को बारिश की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन शनिवार को बारिश होने के कारण अब किसानों द्वारा कटाई की गई गेहूं की फसल का नुकसान होने की चिंता सताने लगी है। किसान कस्तूरी लाल, कृषण लाल, चमन लाल, ओम प्रकाश, संसार चंद, नरेश कुमार, हरबंस लाल आदि का कहना है कि अब गेहूं की फसल पक कर तैयार है। ज्यादातर किसानों ने फसल की कटाई भी कर दी है, लेकिन अब क्षेत्र में हो रही बारिशों के कारण गेहूं की फसल का काफी नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर एक दो बारिशें और हो जाती हैं तो गेहूं की फसल को भारी नुकसान हो सकता है।