सुंदरबनी। सुंदरबनी तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में रविवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने किसानों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। हालांकि कुछ दिन पूर्व भी क्षेत्र में बारिश होने के कारण मक्की तथा दालों की फसलों को काफी नुकसान हो चुका है। अब कुछ दिन से मौसम साफ रहने के बाद लोगों ने तैयार फसल को समेटने का काम शुरू किया था, लेकिन लटका हुआ था कि एक बार फिर से क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई। इससे मौदानी क्षेत्रों में मक्की तथा दालों की कटाई की हुई फसलों को काफी नुकसान हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में भी बारिश के साथ ओले गिरने से धान की फसल को नुकसान हुआ है। इस संबंध में क्षेत्र के किसानों हरबंस लाल, पवन कुमार, कस्तूरी लाल, संसार चंद चमन लाल, मोहन लाल, बलदेव राज आदि कहना है कि वह लोग छह माह तक कड़ी मेहनत करके फसल के तैयार होने का इंतजार करते हैं, लेकिन जब भी उनकी फसलें तैयार होती हैं तो बारिशें उनकी मेहनत पर पानी फेर देती है, जिससे किसानों को हर बार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है ।