राजोरी। बढ़ती महंगाई को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ खूब हंगामा किया। पूर्व मंत्री और डीडीसी उपाध्यक्ष शब्बीर खान की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस अड्डे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।
सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शब्बीर खान ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई को रोकने में पूरी तरह से असफल रही है। अबकी बार बहुत हुई महंगाई की मार का नारा देकर सत्ता में आई मोदी सरकार देश की जनता पर महंगाई के वार कर रही है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, कुकिंग ऑयल के दाम आसमान छू रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने पर सरकार इसी तरह से डटी रही तो महंगाई और बढ़ेगी। गरीब मजदूर और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए दो वक्त की रोटी का इंतजाम करना भी कोई छोटा काम नहीं रहा। रसोई गैस की कीमतें बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में लोगों ने फिर से चूल्हे जलाना शुरू कर दिए हैं।
शब्बीर खान ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था करने की बजाय उन पर महंगाई का बोझ बढ़ा रही है। इससे स्पष्ट हो जाता है कि यह सरकार देश चलाने में नाकाम रही है। जनता आने वाले चुनावों में इसका जवाब जरूर देगी। प्रदर्शन में व्यापार मंडल प्रधान राजेश गुप्ता, खुर्शीद मीर, लवली गुप्ता, ललित गुप्ता, पुष्पन्द्र गुप्ता, आदि शामिल रहे।