लोगों ने विभाग पर सुस्त कार्यप्रणाली का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक महीने से पीएचई की पाइपों से पानी नहीं आया है। वहीं इस अवसर पर स्थानीय निवासी राजेश कुमार, दिनेश कुमार, मोहम्मद अफजल, जाकिर मिर्जा व रहीम खान आदि ने बताया कि पिछले एक महीने में कई बार विभाग के एक्सईएन कार्यालय जाकर सप्लाई सुचारु बनाने की गुहार लगाई गई है।
लेकिन कभी एक्सईएन कार्यालय में मिले ही नहीं तो कभी उन्होंने आश्वासन दिलाकर वापिस भेज दिया जाता है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब विभाग की नींद नहीं खुली तो मजबूर होकर लोगों को प्रदर्शन करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि झुलसा देने वाली गर्मी के चलते पीएचई सप्लाई ठप होने के बाद उन्हें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल-कालेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। करीब दो घंटे सड़क जाम कर प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जल्द सप्लाई बहाल करवाने का आश्वासन दिलाकर लोगों को शांत करवाया।