पेयजल की भारी किल्लत को लेकर सोमवार को चौधरीनाड़ क्षेत्र के लोगों ने पीएचई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर अपना कड़ा रोष प्रकट किया। गुस्साए ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द सप्लाई को बहाल करने की गुहार लगाई।
स्थानीय सरपंच दरबार चौधरी, मुशताक बट्ट, अब्दुल रशीद, राजेश कुमार संजेय मुकार आदि ने बताया कि पिछले करीब दो हफतों से उनके घरों में पीएचई के पाइपों से पानी नहीं आया है। उन्होंने बताया कि कई बार विभाग के एक्सईएन कार्यालय का चक्कर काट सप्लाई बहाल करने की अपील की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।
लोगों ने मजबूर हो कर प्रदर्शन का सहारा लिया है। क्षेत्र में पेयजल के लिए प्राकृतिक संसाधनों पर भी अब पानी सूख रहा है और घरों से दूर बने संसाधनों से पेयजल लाने के लिए कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
पीएचई सप्लाई ठप होने से अधिक परेशानी महिलाओं और युवतियों को उठानी पड़ रही है। खास कर स्कूल कालेज जाने वाले विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारी लोगों ने पीएचई विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन में सप्लाई बहाल नहीं की गई तो लोग सड़कों पर उतर कर उग्र प्रदर्शन करेंगे।