थन्नामंडी क्षेत्र के लोगों और राजोरी-थन्नामंडी रूट पर चलने वाले सूमो चालकों ने शुक्रवार को नगर पालिका (नपा)के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर उन्होंने नपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द क्षेत्र के बस अड्डे की मरम्मत करवाने की गुहार लगाई।
इस अवसर पर स्थानीय निवासी शौकत शाल, इमरान खान, ताजीम बट्ट, सज्जाद अहमद आदि ने बताया कि कई वर्षों से बस अड्डे पर तारकोल नहीं डाली गई है। जगह-जगह बनेे गड्ढों से वाहनों को चलाने में दिक्कतें पेश आती हैं।
बारिश होने पर कीचड़ पैदा होने से लोगों का पैदल चलना भी संभव नहीं होता है। बस अड्डे पर दिन भर काफी भीड़ रहती है। यहां की हालत खसता होने से आम जनता के लिए भी बहुत दिक्कतें पैदा हो रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने नपा पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार बस अड्डे की मरम्मत करवाने की गुहार लगाने के बाद भी उनकी नींद नहीं खुल रही है। लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो उग्र प्रदर्शन करेंगे।