यूथ नेशनल कांफ्रेंस ने सरकार के प्रति कड़ा रोष प्रकट करते लोगों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने की गुहार लगाई। जम्मू संभाग के यूथ नेकां उपाध्यक्ष एडवोकेट अब्दुल कादर खान की अगुवाई में विभिन्न क्षेत्रों के पंचों-सरपंचों ने डीसी से मुलाकात कर उन्हें लोगों को पेश आ रही दिक्कतों से अवगत करवाया।
डीसी को बताया कि जिले भर में लोग बिजली, पेयजल और सरकारी राशन की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। गरीब जनता को दो समय का खाना भी सही प्रकार से नहीं मिल रहा है। तीन माह से सराकरी राशन नहीं मिला है। यहां तक कि बीपीएल परिवारों को राशन महंगे दामों पर खरीदना पड़ रहा है।
पिछले वर्ष सितंबर माह में बाढ़ के कारण बेघर हुए सैकड़ों परिवार अभी भी खुले आसमान के नीचे टेंट लगाकर रह रहे हैं। न मुआवजा मिला और न पुनर्वास के लिए किसी की मदद की गई। सड़कों की बात हो या स्वास्थ्य सुविधाओं की, सरकार हर क्षेत्र में विफल साबित हो रही है। शिक्षा के क्षेत्र में भी कोई उपलब्धि नहीं हो पाई है।
सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने डीसी को एक ज्ञापन सौंप कर गुहार लगाते हुए कहा कि वे सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाएं और जनता को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने में मदद करें।