दरहाल तहसील के विभिन्न गांवों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता करामत मलिक, इकबाल मलिक, तारिक अहमद आदि ने कहा कि सरकार के गठन को करीब एक वर्ष पूरा होने वाला है, लेकिन अभी तक दरहाल में कहीं विकास नजर नहीं आया। राजोरी-दरहाल रोड की हालत जर्जर है।
सरकारी अस्पताल में न डाक्टर हैं और न दवाएं, सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी, और बिजली पेयजल के लिए हर तरफ हाहाकार सा मचा हुआ है। बेरोजगार युवा सरकारी नौकरी की तलाश में दरबदर हो रहे हैं। भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का नारा देने वाली दोनों पार्टियां बुरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
सरकार के मंत्री केवल अपनी जेबें भरे में जुटे हैं। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कई माह से लोगों को राशन नहीं मिला है। मूसलाधार बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा अभी तक नहीं मिला है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दरहाल के साथ भेदभाव खत्म कर बुनियादी सुविधाएं प्रदान नहीं करवाई गई तो कांग्रेस आंदोलन छेड़ेगी।