सरकारी राशन की भारी किल्लत से जूझ रहे गांव गंभीर मुगलां क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और सीएपीडी विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने इस अवसर पर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि पिछले करीब दो महीने से उन्हें सरकारी राशन नहीं मिला है।
यहां तक कि बीपीएल परिवारों को भी राशन नहीं मिला है। गरीब जनता महंगे दामों पर बाजार से राशन खरीद कर अपना काम चला रही है। इस अवसर पर स्थानीय निवासी मोहम्मद बशीर, दिलशाद अहमद, मोहम्मद ताज आदि ने बताया कि सरकारी राशन उपलब्ध नहीं होने से लोगों को भूखे रहने की नौबत आ रही है।
उन्होंने पूर्व गठबंधन सरकार के प्रति रोष प्रकट करते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने जनता के साथ किए वादे कभी पूरे नहीं किए हैं। गरीब और बेसहारा जनता को बुनियादी सुविधाएं भी सरकार प्रदान नहीं कर पाई है।
प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल और जिला प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि वह गरीब लोगों की सुध लें और उन्हें जल्द राशन उपलब्ध करवाएं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही उन्हें सरकारी राशन मुहैया नहीं करवाया गया तो लोग सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे।