वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजोरी दौरे के दौरान बनाई सड़कों पर आठ साल बाद गृह मंत्री के दौरे के दौरान ब्लैकटॉप करना नसीब हुआ है। वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री राजोरी आए थे तो उनके चॉपर के लैंडिंग ग्राउंड से सभा स्थल तक सुरक्षित और शॉर्टकट सड़क का निर्माण किया गया था। ये सड़क सलानी स्थित मुख्य स्थल से पुलिस लाइन के बैक गेट तक बनाई गई थी। उस समय बनाई की सड़क पर आठ साल में किसी ने ध्यान नहीं दिया और न उस पर तारकोल डाली, न ही इस पर टाइल लगाई गई।
इन 8 साल में स्थानीय लोगों ने कई बार गुहार लगाई कि उस सड़क से उठने वाली धूल उनके लिए बीमारी का कारण बन रही है। बारिश होने पर कीचड़ भी परेशान करती है, लेकिन किसी भी प्रशासनिक अधिकारी या संबंधित विभाग ने उनकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया। अब जब गृह मंत्री अमित शाह की राजोरी रैली की तैयारी हो रही है तो प्रशासन ने उस सड़क को फिर से ब्लैक टॉप करने का काम शुरू किया है। दो दिन से सड़क पर युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। पहले साइड पर नालियां बनाने के बाद उस पर कंकर डाल दिया गया।
गृह मंत्री की रैली के लिए पहाड़ी समुदाय की रैलियों का दौर जारी
राजोरी। गृह मंत्री अमित शाह की चार अक्तूबर को राजोरी में होने वाली रैली को सफल बनाने और उसमें भीड़ जुटाने के लिए भाजपा नेताओं और पहाड़ी समुदाय के लोगों की विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों का दौर जारी है। दरहाल इलाके में भाजपा नेता एवं डीडीसी सदस्य इकबाल मलिक की अध्यक्षता में बुधवार को एक बैठक हुई। इकबाल मलिक ने लोगों से कहा कि भाजपा ही पहाड़ियों को उनका वो अधिकार दे सकती है, जिसके लिए पहाड़ी लोग 75 वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। चार अक्तूबर को बड़ी संख्या में राजोरी पहुंचकर अमित शाह का स्वागत करें। उनकी बातों को सुनें, ताकि उनको उनका अधिकार मिल सके।
उधर थन्नामंडी में भी डीडीसी सदस्य एवं भाजपा नेता अब्दुल कयूम मीर की अध्यक्षता में एक जनसभा हुई। जहां मीर ने लोगों से राजोरी में अमित शाह की रैली में पहुंचकर रैली की शोभा बढ़ाने की अपील की। उधर बुद्धल में भाजयुमो के राज्य प्रवक्ता मंजूर अहमद नाइक ने भी विभिन्न इलाकों में बैठकें करके लोगों को अमित शाह की रैली में पहुंचने के लिए प्रेरित किया। दरहाल में हुई बैठक में नगर परिषद के उपाध्यक्ष भारत भूषण वैद, अर्सलान मालिक सहित अन्य मौजूद रहे।
राजोरी में गृहमंत्री के आगमन को लेकर चर्चा
नौशेरा। भाजपा नेता व पूर्व एमएलसी सुरेंद्र चौधरी की देखरेख में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि यह बैठक प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना के निर्देश पर की गई। चार अक्तूबर को गृह मंत्री अमित शाह के राजोरी दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उनकी रैली को सफल बनाने के लिए यहां से भी लोग जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली को सफल बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। गृहमंत्री राजोरी-पुंछ के लोगों को विशेष दे सकते हैं। बैठक में पार्षद रोहित कोहली, नरेंद्र शर्मा, बोधराज, महेंद्र सूदन, अनु भसीन, सुनील चौधरी आदि मौजूद रहे। बैठक में शहीद ए आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी गई।