सुंदरबनी। डीडीसी सदस्य राजेंद्र शर्मा ने उपजिला अस्पताल का शुक्रवार को दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
राजेंद्र शर्मा ने इलाज के लिए उपजिला अस्पताल में दाखिल मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में सुविधाओं की कमी का जायजा लेकर बीएमओ डॉ. मंजूर हुसैन से बैठक सुधारने के निर्देश दिए। कहा कि लोगों को बेहतर इलाज देने की सुविधा के लिए हाल ही में जो नए उपकरण विभाग की तरफ से भेजे गए हैं उन्हें जल्द से जल्द स्थापित करके मरीजों को सुविधाएं दी जाएं। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि स्टाफ के कमी के कारण उपजिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण कई बार छोटी सी परेशानी बनने पर मरीजों को जम्मू मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया जाता है। डीडीसी ने कहा कि उपजिला अस्पताल में डाक्टरों की कमी को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बीते सप्ताह ही यहां चार डॉक्टरों की नियुक्ति हुई है। जल्द ही और स्टाफ की नियुक्ति होने वाली है। उन्होंने कहा कि उपजिला अस्पताल में मरीजों को बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी।