जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बुधवार को तीमारदारों और पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट हो गई, जिससे दो जवान और तीन महिलाएं जख्मी हो गए।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती महिला को देखने उसके कुछ परिजन पहुंचे। वार्ड में बढ़ती भीड़ को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने भीड़ न करने के लिए तीमारदारों से अपील की।
इतने में ही महिला मरीज के किसी तीमारदार युवक से पुलिस की बहस शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस और तीमारदारों में जमकर मारपीट हुई, जिससे दो पुलिस जवान और तीन महिलाएं घायल हो गए।
घायल मुंशी मोहम्मद फरीद व जवान अब्दुल रहमान ने बताया कि वह वार्ड में भीड़ कम करने के लिए लोगों से अपील कर रहे थे कि तभी कुछ लोगों ने उनके साथ बहस शुरू कर दिय।
विरोध करने पर उन्होंने पुलिस के साथ मारपीट शुरू कर दी। घायल जवानों का कहना है कि तीमारदारों ने उन्हें पुलिस चौकी के कमरे में घुस कर लाठियों से मारा है।
उधर, तीमारदार महिलाओं मकसूद बेगम, मखतूब बेगम और जमीला बेगम सभी निवासी दरहाल ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि वह अपने परिजन का हालचाल लेने आए थे।
लेकिन पुलिस के जवानों ने बिना कुछ पूछे ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक महिला ने बताया कि पुलिस उसके बेटे को मार रही थी। जब वह उसे छुड़ाने गई तो पुलिस ने उसे भी मारना शुरू कर दिया। इस संबंध में एसएसपी राजोरी डा. हसीब मुगल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।