कई दिनों से बिजली गुल रहने से आक्रोशित नागरिकों ने रविवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिले की कालाकोट तहसील के धनवां और भथेरा गांवों में करीब दो हफ्तों से बिजली गुल होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दोनों गांवों को बिजली मुहैया करवाने वाला ट्रांसफार्मर करीब दो हफ्ते पहले जल गया था। अभी तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने से स्थानीय लोगों में बहुत रोष है। लोगों ने रविवार को प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
इस अवसर पर कुदंन शर्मा ने बताया कि रात पड़ते ही गांव अंधेरे में डूब जाते हैं। बिजली सप्लाई ठप होने से जहां एक तरफ विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, वहीं दूसरी तरफ शाम के समय जंगली जानवरों और कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हैं।
पहले भी कई बार गांवों में जंगली जानवर पशुओं और लोगों को अपना निशाना बना चुके हैं। रात के समय काफी अंधेरा होने से लोग अपने घरों से बाहर भी नहीं निकल पा रहे हैं।सरपंच ने बताया कि कई बार स्थानीय स्तर पर बिजली विभाग के अधिकारियों से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगा कर समस्या के समाधान की गुहार लगाई गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही दिलाया गया है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द नया ट्रांसर्फामर लगा कर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोग उग्र प्रदर्शन करेंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।