बिजली विभाग के डेली वेजर की मौत के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी लोगों से बातचीत करते हुए।
राजोरी। जिले की थन्नामंडी तहसील के पंगायी क्षेत्र में वीरवार को बिजली के खंबे पर काम करते एक डेली वेजर कर्मचारी की करंट से झुलस कर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वली मोहम्मद खंभे पर चढ़कर काम कर रहा था कि तभी पीछे से बिजली छोड़ दी और कर्मचारी झुलस गया और तार में लटक गया। आसपास के लोगों ने बिजली काट कर उसे खंबे से नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया करार दे दिया। वहीं
मृतक कर्मचारी के परिजनों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया और जमकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों ने बताया कि कर्मचारी की 6 बेटियां है और कमाने वाला अकेला था। जब खंबे पर काम कर रहा था तो किसी ने जानबूझकर बिजली चालू की और उसे मौत के घाट उतार दिया।
उधर, पूर्व विधायक एडवोकेट कमर हुसैन भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों में शामिल हो गए। उन्होंने बिजली विभाग और प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि मृतक कर्मचारी की पत्नी को तत्काल सरकारी नौकरी और उसको आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि अंतिम संस्कार कर सकें। पूर्व विधायक और परिजनों ने बिजली विभाग के उन कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने मांग की, जिन्होंने शटडाउन के दौरान बिजली चालू की।
वहीं, करीब 3 घंटे के प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग के एक्सईएन मुंशी खान मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि विभाग परिवार की पूरी सहायता करेगा और पत्नी को नौकरी देने के लिए भी उच्च अधिकारी से बात की जाएगी। इसके अलावा जिन कर्मचारीयों ने बिजली छोड़ी उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।