संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरबनी। एसएसपी ट्रैफिक गिरधारी लाल शर्मा ने जागरूकता शिविर का आयोजन कर स्थानीय लोगों को ट्रैफिक नियमों के संदर्भ में जानकारियां दी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा सड़क पर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि यह उनकी और दूसरों की जान के लिए भी खतरा है। वह सुंदरबनी में युवाओं व वाहन चालकों के साथ बातचीत कर ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक कर रहे थे। गिरधारी लाल शर्मा ने कहा अक्सर देखा जा रहा है कि माता-पिता लापरवाही से बच्चों को बाइक या स्कूटी दे देते हैं, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई नाबालिग वाहन चलाते पकड़ा गया, तो उसके माता-पिता या अभिभावक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए हैं कि वे सख्ती से ऐसे मामलों पर कार्रवाई करें।
बच्चों के माता-पिता से अनुरोध है कि वे बच्चों को कानून के दायरे में रखकर जिम्मेदार नागरिक बनाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। एक छोटी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
फोटो 01 सुंदरबनी में जागरूकता शिविर के दौरान लोगों को जागरुक करते हुए एसएसपी ट्रैफिक गिरधारी लाल शर्मा